गुरुग्राम में देश का पहला एलपीजी एटीएम खुला
गुरुग्राम में देश का पहला एलपीजी एटीएम खुल गया है. यह मशीन लोगों को 2-3 मिनट में गैस सिलेंडर प्राप्त करने का मौका दे रही है. एलपीजी वेंडिंग मशीन एटीएम की तरह ही काम करती है, जहां से लोग सिर्फ 2-3 मिनट में गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं.
कैसे काम करती है मशीन?
इस मशीन की स्क्रीन पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना होगा. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज कर अपनी पहचान वेरिफाई करनी होगी. इसके बाद अपने खाली सिलेंडर पर लगे QR कोड या बारकोड को मशीन के स्कैनर के सामने रखना होगा. मशीन चेक करेगी कि सिलेंडर वैध है या नहीं। वेरिफिकेशन सफल होने के बाद मशीन का एक विंडो खुलेगा. आपको अपना खाली सिलेंडर उस स्लॉट में रखना होगा. ऑटोमेटिकली उसकी शुद्धता और वजन वगैरह चेक कर मशीन उसे अंदर खींच लेगी. इसके बाद स्क्रीन पर गैस की दिखाई गई कीमत का UPI से भुगतान करना होगा. पेमेंट सफल होने के बाद मशीन के दूसरे हिस्से या डिलीवरी विंडो से भरा हुआ सील बंद सिलेंडर बाहर आ जाएगा. इस पूरे प्रॉसेस में 2-3 मिन्तका वक्त लगता है।
लोहे के सिलेंडर को कैसे कंपोजिट सिलेंडर में बदलें?
इस मशीन से सिर्फ 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर मिलेंगे, जो लोहे के सिलेंडर के मुकाबले हल्के होते हैं. मशीन में एक बार में सिर्फ 10 सिलेंडर लोड हो सकेंगे. स्टॉक में सिर्फ 2 सिलेंडर बचने पर मशीन अपने नजदीकी गैस एजेंसी को रिफिल के लिए अलर्ट भेजती है.
कंपोजिट सिलेंडर को पाने के लिए आपको 14.2 किलो वाले लोहे के अपने गैस सिलेंडर के कागजात (पासबुक वगैरह) लेकर भारत गैस एजेंसी पर जाना होगा. उनसे अपना पुराना लोहे का सिलेंडर लेकर उसे 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर में बदलने के लिए कहें. आपको पुराने सिलेंडर की सिक्योरिटी डिपॉजिट लगभग 1450 रुपये और नए कंपोजिट सिलेंडर की सिक्योरिटी लगभग 3350 रुपये के बीच के अंतर लगभग 1990 रुपये जमा करने होंगे. एजेंसी आपको नया हल्का कंपोजिट सिलेंडर दे देगा. अब आप कभी भी एलपीजी एटीएम जाकर इसे 2 मिनट में रिफिल करा सकते हैं. बता दें कि कंपोजिट सिलेंडर आपको थोड़ा महंगा पड़ सकता है. जहां लोहे के 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत लगभग 1450 रुपये होती है. वहीं, कंपोजिट सिलेंडर की कीमत लगभग 3350 रुपये है.
